Skip to main content

संगठित राष्ट्र-जीवन का लघु कुम्भ



रम वैभवशाली राष्ट्र’ इस उद्देश्य के साथ भारत के प्रत्येक क्षेत्र में सक्रिय राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ सत्ता की राजनीति से अलिप्त रहते हुए एक अपराजेय जनसत्ता अर्थात राष्ट्रशक्ति के निर्माण में जुटा हुआ है । प्रत्यक्ष शाखा कार्य और अपने लगभग 40 अनुषांगिक सगंठनों के साथ संघ निरंतर अपने ध्येय की ओर आगे बढ़ रहा है । संघ के इस अति विशाल वास्तविक स्वरुप का प्रतिनिधित्व करती है अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की वार्षिक बैठक (8 मार्च से १० मार्च- ग्वालियर) ।

 
इस वार्षिक बैठक में संघ के वैचारिक आधार, अतुलनीय कार्यपद्धति और संघ का उद्देश्य इत्यादि को एक साथ, एक स्थान पर समझा और देखा जा सकता है । भारत के कोने-कोने से आये प्रतिनिधियों को एक परिवार के रूप में देखकर ऐसा लगता है मानो एक अनुशासित, संगठित और उन्नत राष्ट्र अपने लघु आकार में साकार हो गया हो । प्रयागराज कुम्भ के अवसर पर करोड़ों देशवासियों की जिस भावनात्मक एकजुटता के दर्शन होते है उसी का अनुभव इस वार्षिक बैठक में होता है ।

संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की ये बैठक वास्तव में एक लघु कुम्भ ही होता है जो 12 वर्षों के बाद नहीं प्रत्येक वर्ष सम्पन्न होता है । इस बैठक में भाग लेने वाले लगभग डेढ़ हजार प्रतिनिधि राष्ट्र जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में हो रहे संघ कार्य का लेखा जोखा प्रस्तुत करते है। धर्म, संस्कृति, राजनीति, किसान, मजदूर, शिक्षा, विद्यार्थी, आर्थिक जगत, वनवासी क्षेत्र, सेवा क्षेत्र, गो संवर्धन, सीमा सुरक्षा, साहित्य प्रकाशन और पत्रकारिता इत्यादि में सक्रिय संघ के समर्पित स्वयंसेवको के परिश्रम का परिचय इस लघु कुम्भ में मिलता है।

संघ के सरकार्यवाह द्वारा देश भर के कार्य की एक विस्तृत रिपोर्ट के साथ ये बैठक प्रारभ होती है । इस रिपोर्ट में वर्ष भर के संघ कार्य की प्रगति की जानकारी सभी कार्यकर्ताओं को दी जाती है । देश में विभिन्न शाखाओं एवं क्षेत्रों में हो रहे कार्य के ताजा आंकड़ों से एक दूसरे से सीखने का अवसर मिलता है । जो काम बड़े-बड़े भाषणों, लेखों, पुस्तकों और उपदेशों से नहीं होता वह तीन दिन के इस वैचारिक कुम्भ में आराम से हो जाता है ।

गहरा चिंतन (सरस्वती), स्नेहिल चर्चा (यमुना) और सर्वसहमति (गंगा) का अतिपवित्र संगम है संघ की ये अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा । इन पंक्तियों के लेखक ने स्वयं इस संगम में नौ बार स्नान किया है । उसी अनुभव के आधार पर ये कहा जा सकता है कि ये संगम वर्तमान में चर्चित महागठबंधन से लाखों कोस दूर देव दुर्लभ समर्पित कार्यकर्ताओं का ‘महामंगल मिलन’ है।

इस वार्षिक बैठक में कार्य की प्रगति के अतिरिक्त नए अनुभवों, नए प्रयोगों, नए प्रकल्पों और नयी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा होती है और सर्व सहमति से निर्णय लिए जाते है । राष्ट्र जीवन के प्रत्येक वर्ग/क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहे संघ के कार्यकर्ताओं ने अब पर्यावरण, जल सरंक्षण, परिवार व्यवस्था और देव स्थानों की सनातन परपंरा की रक्षा इत्यादि क्षेत्रों में भी कार्य करने का निश्चय किया है ।

आत्म प्रशंसा, अंधाधुंध प्रचार, काम-कम, बताना अधिक और मनगढ़ंत/ कागजी राजनीतिक कार्यप्रणाली को पूर्णतया तिलाजंली देकर संघ अपनी सेवाभावी, ध्येयनिष्ठ और परिस्थिति निरपेक्ष कार्यपद्धति पर अड़िग रहकर कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ रहा है ।  संक्षेप में यही है इस चिंतनशाला (प्रतिनिधि सभा) का परिचय । .............क्रमशः जारी



नरेन्द्र सहगल
पूर्व संघ प्रचारक, वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक
9811802320




Comments

Popular posts from this blog

अज्ञात स्वतंत्रता सेनानी : डॉक्टर हेडगेवार – 9

नरेंद्र सहगल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ,  अनुशीलन समिति समेत कई क्रांतिकारी दलों ,  विभिन्न संस्थाओं , लगभग 30 छोटी बड़ी परिषदों/मंडलों ,  समाचार पत्रों , आंदोलनों ,  सत्याग्रहों और व्यायामशालाओं की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा एक वर्ष की सश्रम जेल यात्रा करने के पश्चात डॉक्टर हेडगेवार ने एक ऐतिहासिक शक्ति सम्पन्न और आत्मनिर्भर हिन्दू संगठन बनाने के निश्चय को व्यवहार में परिणत करने का निर्णय ले लिया. विदेशियों के प्रतिकार के लिए स्वदेशियों का संगठन. विक्रमी सम्वत  1982  की विजयादशमी  27  सितम्बर 1925  को डॉक्टर जी ने अपने घर पर विश्वस्त सहयोगियों को बुलाया. इस एक ही बैठक में थोड़ा विचार करते हुए घोषणा कर दी  ‘ हम लोग आज से संघ प्रारम्भ कर रहे हैं ’ . अतः यह कहने में कोई भी अतिश्य योक्ति नहीं होगी कि यही बैठक आज के अति विशाल संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की प्रथम शाखा/बैठक थी. वैभवशाली राष्ट्र के लिए संघ की स्थापना सभी के विचार सुनने के पश्चात डॉक्टर जी ने बहुत ही नपे तुले और संक्षिप्त भाषण में स्पष्ट किया कि स...

कश्मीर : अतीत से आज तक – भाग एक

धर्म-रक्षक आध्यात्मिक कश्मीर नरेन्द्र सहगल पिछले अनेक वर्षों से मजहबी कट्टरपन , भारत विरोध और हिंसक जिहाद के संस्कारों में पल कर बड़ी हुई कश्मीर घाटी की युवा पीढ़ी को भारत की मुख्य राष्ट्रीय धारा में लाना वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती है । इसके लिए कश्मीर के उज्ज्वल अतीत का इतिहास पढ़ाया जाना अतिआवश्यक है । तभी युवा कश्मीरियों को सनातन (वास्तविक) कश्मीरियत का ज्ञान होगा और वे हिंसक जिहाद के अमानवीय मक्कड़जाल से बाहर निकलकर अपने गौरवशाली अतीत से जुड़ सकेंगे । नीलमत पुराण में स्पष्ट वर्णन मिलता है कि भारत का प्राय: सारा क्षेत्र एक भयानक जलप्रलय के परिणाम स्वरूप पानी से भर गया था । कालान्तर में भारत के सभी क्षेत्र पानी निकल जाने के कारण जीवन यापन के योग्य हो गए । परंतु भारत के उत्तर में हिमालय की गोद में एक विशाल क्षेत्र अभी भी जलमग्न ही था । इस अथाह जल ने एक बहुत बड़ी झील का आकार ले लिया । कश्यप मुनि ने बसाया कश्मीर तत्पश्चात् इस झील में ज्वालामुखी फटने जैसी क्रिया हुई । झील के किनारे वाली पर्वतीय चोटियों में अनेक दरारें पड़ने से सारा पानी बाहर निकल गया ।...

अज्ञात स्वतंत्रता सेनानी : डॉक्टर हेडगेवार – 16

नरेंद्र सहगल सर्वांग स्वतंत्रता की ओर संघ के बढ़ते कदम 15 अगस्त 1947 को देश दो भागों में विभक्त हो गया. ‘इंडिया दैट इज़ भारत’ और ‘पाकिस्तान’. भारत को राजनीतिक स्वतंत्रता प्राप्त होने बाद गांधी जी ने ‘कांग्रेस का काम पूरा हो गया , अब इसे समाप्त कर के एक सेवादल के रूप में परिवर्तित कर देना चाहिए’ का सुझाव कांग्रेस के नेताओं के समक्ष रखा था. परन्तु सत्ता के मोह में फंस चुके कांग्रेस के नेताओं ने गांधी जी की एक न सुनी. दूसरी ओर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का उद्देश्य केवल राजनीतिक स्वाधीनता न होकर ‘अखंड भारत की सर्वांग स्वतंत्रता’ था , अतः संघ ने अपना स्वतंत्रता संग्राम जारी रखा. महात्मा गांधी जी के सिद्धान्तों , आदर्शों और कार्य संस्कृति की अवहेलना करके कांग्रेसी सत्ताधारियों ने पाकिस्तान के अस्तित्व को ‘सैटल्ड फैक्ट’’ मानते हुए अंग्रेजों की भारत विरोधी कुटिल चाल पर संवैधानिक मोहर लगाकर जो महापाप किया , उसका नतीजा न केवल भारत ही भुगत रहा है , अपितु सारी दुनिया पाकिस्तानी आतंकवाद का शिकार हो रही है. भारत विभाजन के बाद बचे हुए भारतवर्ष में ब्रिटिश सत्ताधारियों द्वारा बनाए गए 1...